
सगमा (गढ़वा)। शारदीय नवरात्र के पांचवें दिन गुरुवार को प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न पूजा पंडालों और मंदिरों में मां दुर्गा के पांचवें स्वरूप स्कंद माता की पूजा-अर्चना और महाआरती का आयोजन किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। माता रानी के जयकारों से मंदिर परिसर और पूजा पंडाल गूंज उठे। पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना हुआ है।
शाम होते ही सगमा प्रखंड के विभिन्न गांवों में स्थित पूजा पंडालों और मंदिरों में महाआरती की तैयारी शुरू हो गई। सगमा, शारदा, कटहर कला खुर्द, पुतुर, सोनडीहा, बीरबल, मकरी, बैलिया, घघरी, दुसैया और चैनपुर सहित विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने मां स्कंद माता की पूजा-अर्चना की। विद्वान पंडितों के मंत्रोच्चार और विधि-विधान से पूजा संपन्न होने के बाद आरती की गई। आरती के दौरान श्रद्धालुओं ने माता रानी की जयकारे लगाए और परिवार की सुख-समृद्धि तथा क्षेत्र की खुशहाली की कामना की।
इस अवसर पर पुतुर स्थित बजरंगबली दुर्गा पूजा समिति के पूजा पंडाल में भी श्रद्धालुओं की विशेष भीड़ देखने को मिली। नवरात्र को लेकर बच्चों, युवाओं और महिलाओं में खासा उत्साह है। पूजा पंडालों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है, जिससे शाम होते ही उनकी रौनक देखते ही बन रही है। वहीं, रात्रि में विभिन्न स्थानों पर धार्मिक सीरियल का प्रसारण किया जा रहा है। इसके साथ ही कई जगहों पर भावपूर्ण रामलीला का मंचन भी हो रहा है। धार्मिक आयोजनों में श्रद्धालु बढ़-चढ़कर भाग ले रहे हैं। पूरे प्रखंड में भक्ति, आस्था और उत्साह का माहौल बना हुआ है।

