श्री बंशीधर नगर: नगर ऊंटारी सिविल कोर्ट में पेशी के दौरान पुलिस अभिरक्षा से फरार हुआ कैदी उमानंद पटेल शनिवार को स्वयं कोर्ट पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। आत्मसमर्पण के बाद न्यायालय के निर्देश पर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार, गत बुधवार को नगर ऊंटारी सिविल कोर्ट में पेशी के लिए लाए गए उमानंद पटेल ने पुलिस को चकमा देकर फरार होने में सफलता हासिल कर ली थी। घटना के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया था। फरार कैदी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने विशेष अभियान चलाते हुए उसके संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की। साथ ही आसपास के क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई थी।
पुलिस की लगातार कार्रवाई और गिरफ्तारी के बढ़ते दबाव के कारण आखिरकार उमानंद पटेल ने शनिवार को न्यायालय में उपस्थित होकर आत्मसमर्पण कर दिया। कोर्ट में आत्मसमर्पण के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई और उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
कैदी के फरार होने की घटना को पुलिस प्रशासन ने गंभीरता से लिया था। उसके आत्मसमर्पण के बाद पुलिस अधिकारियों ने राहत महसूस की है। मामले को लेकर विभागीय स्तर पर भी समीक्षा की जा रही है ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जा सके।

