रंका(गढ़वा) – लार्सन एंड टुब्रो (एल एण्ड टी) एवं बदलाव फाउंडेशन के सहयोग से संचालित “नयी दिशा – विलेज डेवलपमेंट प्रोग्राम” के अंतर्गत गढ़वा प्रखंड की करुआ कला पंचायत भवन में निःशुल्क सामान्य स्वास्थ्य जांच शिविर का सफल आयोजन किया गया। यह स्वास्थ्य शिविर गढ़वा के सिविल सर्जन डॉ. जॉन एफ. केनेडी की अनुमति एवं मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।शिविर का उद्घाटन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, गढ़वा की बीपीएम रूबी तबस्सुम, मुखिया नारद तिवारी, पंचायत सचिव प्रतिमा भारती, बीडीएम शिव कुमार, डॉ. सुप्रिया रानी एवं डॉ. विकास कुमार गुप्ता सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मियों एवं टीम सदस्यों की गरिमामयी उपस्थिति में किया गया। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने ग्रामीणों से अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने, नियमित स्वास्थ्य जांच कराने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की।
शिविर के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, गढ़वा की चिकित्सा टीम के सहयोग से विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं। पुरुषों, महिलाओं एवं बच्चों की सामान्य स्वास्थ्य जांच के साथ रक्तचाप एवं ब्लड शुगर की जांच, खांसी, सर्दी, बुखार एवं अन्य सामान्य बीमारियों की जांच तथा आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराया गया। इसके अतिरिक्त नेत्र जांच की सुविधा भी प्रदान की गई, जिससे ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ प्राप्त हुआ। लार्सन एंड टुब्रो (एल एण्ड टी) के सहयोग से शिविर में आवश्यक औषधियों का निःशुल्क वितरण भी किया गया। वहीं, गंभीर अथवा विशेष उपचार की आवश्यकता वाले 4 मरीजों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, गढ़वा के लिए रेफर किया गया, ताकि उन्हें आगे आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके। शिविर में कुल 173 ग्रामीणों ने स्वास्थ्य सेवाओं एवं आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श का लाभ उठाया। इनमें 109 महिलाएं एवं 64 पुरुष शामिल रहे। कुल लाभार्थियों में 24 बच्चे भी शामिल थे। ग्रामीणों ने स्वास्थ्य जांच एवं योग सत्र जैसी गतिविधियों को अपने क्षेत्र के लिए उपयोगी बताते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के स्वास्थ्य कार्यक्रम आयोजित किए जाने की आवश्यकता व्यक्त की। शिविर के सफल आयोजन में बदलाव फाउंडेशन की पूरी टीम ने सक्रिय भूमिका निभाई। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, गढ़वा की चिकित्सा टीम के सहयोग एवं स्वास्थ्य विभाग के मार्गदर्शन से शिविर का सफलतापूर्वक संचालन किया गया।

