
सगमा(गढ़वा)। सगमा बाजार में गुरुवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की ओर से केंद्र सरकार के खान एवं खनिज विधेयक (MMDR) के विरोध में नुक्कड़ सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक अनंत प्रताप देव (छोटे राजा) एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में झामुमो केंद्रीय समिति सदस्य ताहिर अंसारी शामिल हुए। सभा को संबोधित करते हुए विधायक अनंत प्रताप देव ने कहा कि केंद्र सरकार का खान एवं खनिज विधेयक झारखंड के जल, जंगल, जमीन और खनिज संपदा से जुड़े अधिकारों के लिए गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि झारखंड की खनिज संपदा पर यहां के लोगों का अधिकार और हित सर्वोपरि होना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं को केंद्र सरकार बंद कराने की साजिश कर रही है। उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार और ग्रामीण जनता ऐसी किसी भी साजिश को सफल नहीं होने देगी। विधायक ने कहा कि झारखंड की खान और खनिज संपदा पर झारखंडियों का अधिकार होना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि केंद्र सरकार विधेयक वापस नहीं लेती है तो झारखंड से बाहर जाने वाली खान-खनिज संपदा को रोकने के लिए आंदोलन किया जाएगा। इसके साथ ही दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि जब तक विधेयक वापस नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं और आम लोगों से विधेयक के विरोध में एकजुट होकर आगामी 7 सितंबर को प्रखंड मुख्यालय में आयोजित धरना-प्रदर्शन में शामिल होकर अपनी आवाज बुलंद करने की अपील की।
वहीं झामुमो केंद्रीय समिति सदस्य ताहिर अंसारी ने कहा कि MMDR विधेयक के माध्यम से केंद्र सरकार झारखंड के खनिज संसाधनों पर अपना नियंत्रण बढ़ाना चाहती है। उन्होंने कहा कि झारखंड की धरती से निकलने वाले खनिजों का लाभ यहां के लोगों को मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि झामुमो इस मुद्दे को लेकर जनता के बीच जाएगी और लोगों के अधिकारों की लड़ाई को मजबूती से आगे बढ़ाएगी। सभा के दौरान वक्ताओं ने खान एवं खनिज विधेयक के विभिन्न प्रावधानों पर चर्चा करते हुए इसे झारखंड के हितों के खिलाफ बताया। साथ ही केंद्र सरकार से विधेयक पर पुनर्विचार करने और इसे वापस लेने की मांग की। मौके पर मुक्तेश्वर पाण्डेय, डॉ. हरिदास यादव, जीवराखन यादव, प्रखंड अध्यक्ष रमेश यादव, योगेंद्र यादव, सुभाष यादव, बसंत पाल, यासीन अंसारी, जयगोपाल यादव, अभिमन्यु यादव, अर्पण यादव सहित बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग उपस्थित थे।

