सगमा(गढ़वा):धुरकी थाना क्षेत्र में बारिश के कारण दीवार गिरने से एक बुजुर्ग की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना खाला गांव की है, जहां मंगलवार की सुबह करीब साठ वर्षीय रामखेलावन परहिया उर्फ रुपया परहिया अपनी पत्नी कुमारी देवी के साथ घर में खाना बना रहे थे। इसी दौरान रात्रि में हुई भारी बारिश के कारण अचानक दीवार भरभराकर दोनों के ऊपर गिर गई। दीवार गिरने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दोनों को मलबे से बाहर निकालने में जुट गए। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने दोनों को बाहर निकाला और इलाज के लिए धुरकी अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने रामखेलावन परहिया को मृत घोषित कर दिया, जबकि उनकी पत्नी कुमारी देवी का इलाज जारी है। बताया गया कि कुमारी देवी की स्थिति खतरे से बाहर है। घटना की सूचना मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया।
दूसरी खबर
ब्रेन ट्यूमर से पीड़ित भाजपा नेता की पत्नी का निधन, गांव में शोक
सगमा, गढ़वा। धुरकी थाना क्षेत्र के मकरी गांव निवासी भाजपा के वरिष्ठ नेता महेंद्र जैसवाल की पत्नी प्रणिता देवी का मंगलवार की सुबह करीब साढ़े पांच बजे निधन हो गया। बताया गया कि प्रणिता देवी काफी दिनों से ब्रेन ट्यूमर की बीमारी से पीड़ित थीं और उनका इलाज रांची स्थित रिम्स अस्पताल से चल रहा था। लंबे समय से बीमारी से जूझने के बाद मंगलवार की सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर मिलते ही मकरी गांव सहित आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में लोग मृतका के घर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना देने लगे। शोक संवेदना प्रकट करने वालों में धुरकी मंडल अध्यक्ष मंगल यादव, अखिलेश प्रसाद यादव, सगमा मंडल अध्यक्ष दिलीप कुमार यादव, धर्मजित यादव, धीरज जैसवाल, राजेश जैसवाल, बिनोद ठाकुर, रामचंद्र शाह, बबलू ठाकुर, सोनू जैसवाल, निराजैय बैठा, राजेश बैठा और सखीचंद प्रजापति सहित अन्य लोग शामिल रहे। प्रणिता देवी के निधन से परिवार और शुभचिंतकों में गहरा शोक है।

