बरडीहा (गढ़वा)। बरडीहा थाना क्षेत्र के बभनी गांव में बुधवार की सुबह एक 21 वर्षीय युवक का शव पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान टपू कुमार रजवार, पिता चतुरगुन रजवार के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलने पर बरडीहा थाना प्रभारी ऋषिकेश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पेड़ से नीचे उतरवाकर आवश्यक कार्रवाई करते हुए पंचनामा तैयार किया। प्रारंभिक जांच में युवक की मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। बताया गया कि मृतक अविवाहित था और उसकी उम्र करीब 21 वर्ष थी। पुलिस द्वारा शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, गढ़वा भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। वहीं, घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है। पुलिस ने आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ शुरू कर दी है तथा मामले की जांच जारी है।

