
श्री बंशीधर नगर थाना क्षेत्र के सरहसताल कला स्थित शंकर प्रताप देव इंटरमीडिएट महाविद्यालय, नगर ऊंटारी में चोरी की घटना सामने आने से कॉलेज परिसर में हड़कंप मच गया। चोरों ने कॉलेज के मुख्य गेट का ताला तोड़ने के बाद प्राचार्य एवं बड़ा बाबू के कमरों में रखी अलमारियों के ताले भी तोड़ दिए और जरूरी फाइलों व कागजात को अस्त-व्यस्त कर दिया।
कॉलेज के गार्ड ब्रह्मा सिंह ने बताया कि रात करीब 12 से 1 बजे के बीच उन्होंने कॉलेज की लाइट बंद देखी। उन्हें लगा कि शायद बल्ब फ्यूज हो गया होगा। इसके बाद वे दूसरे मंजिल पर स्थित अपने कमरे में चले गए और वहां से टॉर्च की रोशनी में बाहर का जायजा लिया, लेकिन उस समय सब कुछ सामान्य दिखाई दिया। सुबह करीब पांच बजे जब वे टहलने के लिए नीचे उतरे तो मुख्य गेट की ग्रिल हल्की खुली मिली। पास जाकर देखा तो ग्रिल का ताला टूटा हुआ था। इसके बाद प्राचार्य के कमरे का ताला भी टूटा मिला।
गार्ड ने तत्काल कॉलेज के बड़ा बाबू मदन सिंह को घटना की जानकारी दी। मदन सिंह ने नगर ऊंटारी के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी एवं थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार को सूचना दी। इसके बाद कॉलेज कर्मियों को भी सूचना दी गई। सूचना मिलते ही कर्मी कॉलेज पहुंचे, जहां प्राचार्य एवं बड़ा बाबू के कमरे की अलमारियों के ताले टूटे मिले और फाइल-कागजात बिखरे हुए थे।
कॉलेज के प्रोफेसर कृष्ण मुरारी सिंह ने आशंका जताई कि कॉलेज के कुछ महत्वपूर्ण कागजात गायब हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि सभी दस्तावेजों की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
सूचना मिलने पर थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ कॉलेज पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने कॉलेज में लगे CCTV कैमरों के फुटेज की भी जांच की, जिसमें दो संदिग्ध लोग दिखाई देने की बात सामने आई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
कॉलेज कर्मियों ने कहा कि स्थापना के बाद से अब तक इस तरह की घटना कभी नहीं हुई थी। उन्होंने घटना को गंभीर और निंदनीय बताते हुए पुलिस प्रशासन से उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों की पहचान कर जल्द कार्रवाई की मांग की है।
मौके पर रागिब अहमद, विक्रम ज्योति, अश्वनी कुमार चौबे, दिनेश सिंह, सुनील कुमार, विकास देव, अरविंद गुप्ता, मनीष सिंह, उदय राम, विकी गुप्ता, गंगेश्वर राम, भाजपा नेता लक्ष्मण राम समेत अन्य कॉलेज कर्मी मौजूद रहे।

