
सगमा(गढ़वा):प्रखंड क्षेत्र स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कक्षा संचालन के दौरान विद्यालय के ऊपरी तल स्थित वर्ग कक्ष की छत का प्लास्टर अचानक भरभराकर गिरने लगा। छत से प्लास्टर के साथ गिट्टी गिरता देख कक्षा में पढ़ाई कर रहे विद्यार्थियों में भय का माहौल बन गया। बच्चों ने आनन-फानन में कक्षा से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। घटना में किसी विद्यार्थी के घायल होने की सूचना नहीं है। घटना के बाद विद्यालय की प्रधानाध्यापिका विंध्यवासनी देवी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी को लिखित आवेदन देकर विद्यालय की वस्तुस्थिति से अवगत कराया और जर्जर वर्ग कक्ष की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की।
प्रधानाध्यापिका ने बताया कि घटना के तुरंत बाद विद्यार्थियों को दूसरे वर्ग कक्ष में शिफ्ट कर दिया गया तथा प्रभावित कक्ष को बंद कर दिया गया है। इसकी सूचना तत्काल लिखित रूप से बीआरसी सगमा को भी दे दी गई है। उन्होंने बताया कि विद्यालय के कई वर्ग कक्षों की स्थिति पहले से ही जर्जर है। ऐसे में यदि समय रहते भवन की मरम्मत नहीं कराई गई तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है। विद्यालय प्रबंधन ने विभाग से मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।

