हरिहरपुर(गढ़वा):हरिहरपुर भाजपा मंडल की ओर से शुक्रवार को चौबे मझिगावां शक्ति केंद्र में मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष संतोष सिंह ने की, जबकि इसका आयोजन भाजपा कार्यकर्ता मुकेश चंद्र चौबे के आवास पर गढ़वा जिला अध्यक्ष उदय कुशवाहा के निर्देशानुसार किया गया। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाने, आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने पर विस्तार से चर्चा की गई। इसके साथ ही पार्टी की नीतियों एवं कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां तय की गईं। बैठक के दौरान बताया गया कि शक्ति केंद्र स्तर की बैठकें संगठन की मजबूती का महत्वपूर्ण आधार होती हैं। इन बैठकों में संबंधित शक्ति केंद्र के अंतर्गत आने वाले बूथों की गतिविधियों की समीक्षा की जाती है, संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान, बूथ प्रबंधन, आगामी कार्यक्रमों की तैयारी तथा कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर चर्चा की गई, ताकि पार्टी की संगठनात्मक गतिविधियां जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से संचालित हो सकें। बैठक में हरिहरपुर भाजपा मंडल के महामंत्री मुकेश चंद्र चौबे, जगत किशोर चौबे, बलराम चौबे, अरुण मिश्रा, मुकेश चौबे (गुड्डू), बिपिन चौबे, लाभेश्वर चौबे, निर्मल विश्वकर्मा, दयाशंकर सिंह, सुरेश प्रजापति, राजेश्वर साह, नागेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

