
सगमा (गढ़वा)। श्रावण मास की प्रथम सोमवारी के अवसर पर सगमा प्रखंड क्षेत्र में आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। कटहर कला पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि राजेंद्र राम के नेतृत्व में विशाल जल यात्रा का आयोजन किया गया। इस धार्मिक यात्रा में सैकड़ों की संख्या में महिला, पुरुष और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। श्रद्धालुओं ने हर-हर महादेव के जयघोष के बीच शारदा गांव स्थित तूरा नदी से पवित्र जल भरकर उत्मही पहाड़ स्थित प्रसिद्ध शिव मंदिर तक पदयात्रा की और भगवान भोलेनाथ का विधि-विधान से जलाभिषेक किया।जल यात्रा के दौरान पूरा क्षेत्र शिवमय वातावरण में डूबा रहा। श्रद्धालुओं के हाथों में जल कलश और मुख पर भगवान शिव के जयकारे गूंजते रहे। लगभग चार किलोमीटर की पदयात्रा के बाद श्रद्धालु उत्मही पहाड़ स्थित शिव मंदिर पहुंचे, जहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना कर भगवान भोलेनाथ पर जल अर्पित किया गया। मुखिया प्रतिनिधि राजेंद्र राम ने बताया कि उत्मही पहाड़ स्थित शिव मंदिर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु जल चढ़ाने आते हैं, लेकिन श्रावण मास के प्रत्येक सोमवार का विशेष धार्मिक महत्व होता है।
इसी परंपरा को निभाते हुए प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी भव्य जल यात्रा निकाली गई। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य धार्मिक आस्था को मजबूत करने के साथ-साथ सामाजिक एकता और भाईचारे का संदेश देना भी है।यात्रा का शुभारंभ कटहर कला पंचायत भवन से हुआ। इसके बाद श्रद्धालु तूरा नदी पहुंचे, जहां मंत्रोच्चार के बीच कलश में जल भरकर शोभायात्रा के रूप में शिव मंदिर तक पहुंचे। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं ने भक्ति गीत गाए और भगवान शिव के जयकारे लगाए, जिससे वातावरण भक्तिमय बना रहा। इस अवसर पर मंदिर समिति अध्यक्ष नरेश पासवान, कोषाध्यक्ष अखिलेश उरांव, सचिव प्रदीप ठाकुर, दीनानाथ विश्वकर्मा, अनुज ठाकुर, पुरोहित सतीश पांडे सहित मंदिर समिति के कई सदस्य और क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

