केतार (गढ़वा):केतार प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में विद्यालय प्रबंधन समिति (SMC) के चुनाव को लेकर विवाद गहराता नजर आ रहा है।कार्यकाल पूरा होने से पहले ही चुनाव की तिथि निर्धारित किए जाने के विरोध में विभिन्न विद्यालयों के एसएमसी अध्यक्ष गोलबंद हो गए हैं। इस संबंध में अध्यक्षों ने प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (BEO) को संयुक्त हस्ताक्षरयुक्त आवेदन सौंपकर नियमों के तहत ही चुनाव प्रक्रिया संचालित करने की मांग की है। अध्यक्षों का कहना है कि झारखंड सरकार के पूर्व निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार विद्यालय प्रबंधन समिति का कार्यकाल तीन वर्ष का होता है।परंतु प्रखंड के कई ऐसे विद्यालय हैं जिनकी वर्तमान समितियों का तीन वर्ष का कार्यकाल अभी शेष है, इसके बावजूद चुनाव की तिथि घोषित कर दी गई है। अध्यक्षों ने मांग किया है कि जिन विद्यालयों की समितियों का कार्यकाल पूरा हो चुका है,सिर्फ वहीं चुनाव कराए जाएं,जबकि शेष समितियों का कार्यकाल समाप्त होने के बाद ही नई प्रक्रिया शुरू हो।आवेदन सौंपने वाले प्रमुख एसएमसी अध्यक्ष देवन कुमार ठाकुर परसोडीह,प्रभुनाथ राम उत्क्रमित प्लस-2 उच्च विद्यालय छाताकुंड,नरेंद्र कुमार चेचरिया,जोखू बैठा बलिगढ़,प्रमोद कुमार सिंह राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय खैरवा,चंद्र देव सिंह खोन्हर का नाम शामिल है। आवेदन सौंपने वाले अध्यक्ष ने बताया कि सरकारी प्रावधानों की अनदेखी कर कार्यकाल अवधि पूर्ण होने से पूर्व चुनाव थोपना प्रशासनिक व्यवस्था और नियमों के विपरीत है। शिक्षा विभाग को इस पर पुनर्विचार करते हुए स्पष्ट निर्देश जारी करना चाहिए।

