केतार(गढ़वा):प्रखंड क्षेत्र के ताली मध्य विद्यालय में प्रधाना ध्यापक के पद पर लंबे समय से नियुक्ति न होने के कारण विद्यार्थियों का भविष्य अधर में लटका हुआ है।पूर्व प्रभारी प्रधानाध्यापक के विरुद्ध छात्रा से छेड़छाड़ के गंभीर आरोप में निलंबन के बाद से यह पद खाली पड़ा है।जिसके चलते विद्यालय का संचालन लगभग ठप सा हो गया है।जिला उप प्रमुख संघ-गढ़वा के पूर्व अध्यक्ष गोरखनाथ चौधरी ने जिला शिक्षा अधीक्षक को पत्र लिखकर तत्काल प्रभाव से विद्यालय में नए प्रधानाध्यापक की तैनाती की मांग की है। उन्होंने पत्र में स्पष्ट किया है कि विद्यालय में प्रशासनिक कामकाज, वित्तीय कार्यों और शैक्षणिक गतिविधियों में भारी बाधा आ रही है, जिसका सीधा और नकारात्मक असर बच्चों की पढ़ाई पर पड़ रहा है।स्थानीय ग्रामीणों, अभिभावकों और विद्यालय प्रबंधन समिति के प्रतिनिधियों से चर्चा के बाद, श्री चौधरी ने वरिष्ठ शिक्षक श्री मनोज दास को तत्काल प्रभाव से विद्यालय का प्रभार सौंपने का आग्रह किया है, ताकि विद्यालय की व्यवस्था पुनः सुचारू हो सके।मामले की गंभीरता को देखते हुए गोरखनाथ चौधरी ने शिक्षा विभाग को कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने साफ तौर पर कहा है कि यदि अगले 7 दिनों के भीतर इस मांग पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई, तो ग्रामीण अभिभावक और जनप्रतिनिधि मिलकर जिला शिक्षा अधीक्षक कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन करेंगे और जनआंदोलन शुरू करने को बाध्य होंगे।साथ ही उन्होंने चेतावनी दी है कि इस दौरान उत्पन्न होने वाली किसी भी प्रकार की प्रशासनिक या कानून-व्यवस्था की स्थिति के लिए शिक्षा विभाग सीधे तौर पर जिम्मेदार होगा।

