भंडरिया(गढ़वा):बड़गड़ थाना क्षेत्र में दो युवकों के कथित अपहरण, बंधक बनाकर मारपीट करने और पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गुरुवार को दो आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।मामला उगरा निवासी खुर्शीद अंसारी एवं वसीम अंसारी से जुड़ा है। पीड़ितों के अनुसार, दोनों 14 जुलाई को मंडल डैम से मछली पकड़कर लौट रहे थे। इसी दौरान संगाली के समीप कुछ लोगों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि उनके मोबाइल, मछली, जाल और मोटरसाइकिल छीन ली गई तथा लाठी, डंडा और लोहे की रॉड से बेरहमी से मारपीट की गई। पीड़ितों ने यह भी आरोप लगाया कि उनसे पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई और हाथ बांधकर भजना जंगल में ले जाकर बंधक बनाकर रखा गया। पुलिस के पहुंचने की सूचना मिलने पर आरोपित फरार हो गए थे। दोनों घायलों का इलाज गढ़वा सदर अस्पताल में चल रहा है।घटना के विरोध में मुस्लिम समुदाय के सैकड़ों लोग बड़गड़ थाना पहुंचे थे और 17 नामजद आरोपितों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इस संबंध में बड़गड़ थाना कांड संख्या 22/26, दिनांक 15 जुलाई 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नामजद अभियुक्त राम बदन यादव पिता- रामफल यादव एवं बसंत यादव पिता- राम बदन यादव, दोनों निवासी भजना, थाना बड़गड़ को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। थाना प्रभारी दीपक कुमार मौर्य ने बताया कि मामले के अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

