
सगमा(गढ़वा): गढ़वा जिले के धुरकी थाना क्षेत्र के मकरी गांव में बुधवार को उस समय हंगामा मच गया, जब एक युवती अपने नानी और परिजनों के साथ कथित पति के घर पहुंच गई। युवती ने आरोप लगाया कि हिंदू रीति-रिवाज से शादी करने के बावजूद उसे पत्नी का अधिकार नहीं दिया जा रहा है। वहीं, युवक ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए खारिज कर दिया।
पीड़िता 22 वर्षीय सबिता कुमारी, टंडवा गांव (गढ़वा थाना क्षेत्र) निवासी एवं स्वर्गीय पावन कुशवाहा की पुत्री है। उसने बताया कि अप्रैल 2025 में धुरकी थाना क्षेत्र के मकरी गांव निवासी अर्जुन कुशवाहा के साथ बंशीधर मंदिर, श्री बंशीधर नगर में हिंदू रीति-रिवाज से विवाह हुआ था। विवाह में दोनों पक्षों के परिजन भी शामिल हुए थे।
सबिता का आरोप है कि शादी के बाद उसे ससुराल में केवल दो दिन रखा गया। इसके बाद अर्जुन उसे अपने साथ छत्तीसगढ़ ले गया, जहां एक सप्ताह रखने के बाद मायके छोड़ने के बहाने पलामू जिले के रेहला में छोड़कर फरार हो गया। किसी तरह वह अपने नानी के घर पहुंची और पूरी घटना की जानकारी दी।
पीड़िता का कहना है कि बाद में उसकी सास उससे मिलने आती-जाती रही और कहती थी कि अर्जुन की दूसरी शादी से जुड़ा मामला चल रहा है। केस खत्म होने के बाद उसे घर ले जाया जाएगा। इसी दौरान उसे पता चला कि अर्जुन की पहले भी दो शादियां हो चुकी हैं। यह जानकर वह पूरी तरह टूट गई। इसी बीच एक वर्ष बाद सड़क दुर्घटना में उसके पिता की भी मौत हो गई। सबिता ने आरोप लगाया कि पिता की मौत के बाद उसकी सास और देवर अमित कुमार ने लगमा बुलाकर उसकी नानी से कहा कि अपनी नातिन की कहीं और शादी कर दीजिए, क्योंकि अर्जुन अब उसे नहीं रखेगा। इसके बाद उसने कई बार पति से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली।
आखिरकार सबिता अपने रिश्तेदारों के साथ मकरी गांव पहुंची, जहां उसने अर्जुन को कथित दूसरी पत्नी के साथ घर में देखा। इसके बाद उसने ग्रामीणों के सामने न्याय की गुहार लगाई। ग्रामीणों ने भी मामले को गंभीर बताते हुए इसे अन्याय बताया। इसके बाद सबिता ने धुरकी थाना पहुंचकर लिखित शिकायत देते हुए न्याय की मांग की है।वहीं, इस मामले में अर्जुन कुशवाहा ने अपने ऊपर लगाए गए सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया। उनका कहना है कि सबिता के आरोप गलत हैं और उन्हें किसी प्रकार का डर नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि आजकल दो-तीन शादी करना आम बात हो गई है, उसे जहां जाना है, जा सकती है। फिलहाल पूरे मामले की लिखित शिकायत धुरकी थाना में दी गई है।

