रंका(गढ़वा):झारखंड सरकार के कृषि विभाग के द्वारा संचालित मिलेट्स मिशन के तहत रंका प्रखंड के सिरोईखुर्द और कंचनपुर पंचायत भवन में दिनांक 9 जुलाई 2026 दिन गुरुवार को बीटीएम त्रिभुवन सिंह के अगुआई में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसके संबंध में रंका प्रखंड तकनीकी प्रबंधक त्रिभुवन सिंह ने बताया कि मिलेट्स मिशन के अंतर्गत मोटे अनाजों की खेती की जाती है, जिसमें ज्वार,बाजरा,मड़ुआ,सांवा,कोदो आदि फसलें शामिल हैं। उन्होंने कहा कि यदि इन फसलों की खेती किसान करते हैं तो इसकी वीएलई के द्वारा ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराना पड़ेगा। रजिस्ट्रेशन के आलोक में कृषि पदाधिकारी के द्वारा स्थल पर फसलों की जांच की जाएगी तत्पश्चात किसान को प्रति एकड़ तीन हजार रूपए प्रोत्साहन राशि का खाता के माध्यम से भुगतान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भूमि कम से कम 10 डिस्मिल और अधिक से अधिक 5 एकड़ तक के ही किसानों को लाभ दिया जाएगा। इससे अधिक भूमि पर उक्त फसल लगाने पर उसका लाभ नहीं मिलेगा।बीटीएम त्रिभुवन सिंह ने किसानों को उक्त फसलों की खेती करने और सरकार के द्वारा दिए जा रहे मिलेट्स मिशन लाभ प्राप्त करने का आग्रह किया है। इस मौके पर सिरोईखुर्द पंचायत के मुखिया करमदयाल सिंह, पंचायत सचिव सुनिता शोले, कंचनपुर पंचायत के उपमुखिया चंद्रशेखर तिवारी, किसान मित्र धर्मेंद्र यादव सहित दोनों पंचायतों के काफी संख्या में किसान उपस्थित थे।

