रंका(गढ़वा)अंतरराष्ट्रीय नशा विरोधी दिवस के अवसर पर कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, रंका में शुक्रवार को जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराना तथा नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम में मेरा युवा भारत (माय भारत) के स्वयंसेवक मोहित चौधरी ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि नशा किसी भी व्यक्ति के जीवन, परिवार और भविष्य को बर्बाद कर देता है। उन्होंने छात्राओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, शिक्षा एवं खेल-कूद में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा समाज में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा यदि अच्छे संस्कारों और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ें, तो एक मजबूत एवं विकसित भारत का निर्माण संभव है।
विद्यालय की वार्डेन अनिमा बेक ने अपने संबोधन में कहा कि बेटियाँ देश का भविष्य हैं। उन्हें शिक्षा, आत्मविश्वास और नैतिक मूल्यों के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने छात्राओं से स्वयं नशे से दूर रहने के साथ-साथ अपने परिवार और समाज के लोगों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने की अपील की।
कार्यक्रम के अंत में मेरा युवा भारत के स्वयंसेवक मोहित चौधरी ने सभी छात्राओं एवं उपस्थित शिक्षकों को अंतरराष्ट्रीय नशा विरोधी दिवस की शपथ दिलाई। सभी ने नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान देने तथा अपने आसपास के लोगों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का समापन छात्राओं की उत्साहपूर्ण सहभागिता एवं “नशामुक्त भारत–विकसित भारत” के संदेश के साथ हुआ।
इस अवसर पर मंच संचालन संकुल संसाधन केंद्र, राजकीय मध्य विद्यालय दौनादाग के संकुल प्रभारी संजय प्रसाद ने किया।
इस अवसर पर मंच संचालन संकुल संसाधन केंद्र, राजकीय मध्य विद्यालय दौनादाग के संकुल प्रभारी संजय प्रसाद ने किया।

