मेराल(गढ़वा):विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आज जहां हर तरफ प्रकृति के संरक्षण की चर्चा हो रही है, वहीं प्रखंड में इसे धरातल पर उतारा जा रहा है। इस दिवस पर प्रखंड कार्यालय परिसर में सीओ सह बीडीओ यशवंत नायक के नेतृत्व में कार्यालयकर्मीयों तथा गणमान्य लोगों ने जहां पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया वहीं पौधा रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। साथ ही अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार की पहल पर प्रशासनिक और जन सहयोग से संचालित ‘आपन सरस्वतिया’ अभियान के छठे दिन शुक्रवार को प्रखंड मुख्यालय के पश्चिमी पंचायत के श्मशान घाट पर सरस्वतिया नदी के संरक्षण के लिए नदी चौड़ीकरण और सफाई तथा जल संचयन और पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ युद्ध स्तर पर कार्य शुरू किया गया। सीओ श्री नायक के नेतृत्व में चलाया जा रहे इस अभियान में प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ अनिल साह, संजय भगत, मुन्ना राम, रामप्रवेश गुप्ता, अशोक प्रसाद गुप्ता, नंदू राम, अमित यादव सहित दर्जनों लोग शामिल रहे। वहीं पूर्वी पंचायत में मुखिया रामसागर महतो, विधायक प्रतिनिधि डॉ लालमोहन के निर्देशन में नदी के अवरोधों के हटाते हुए नदी पुनर्जीवित करने का अभियान चलाया गया।

