मझिआंव (गढ़वा): मझिआंव नगर पंचायत के बाजार से सटे राधाकृष्ण मंदिर के सामने स्थित राधाकृष्ण नर्सिंग होम के संचालक एवं रेफरल अस्पताल की चिकित्सक डॉ. कबिता वर्मा के पति रजनीकांत वर्मा (38 वर्ष) का मंगलवार की रात बिहार के सासाराम स्थित जमुआर के नारायण हॉस्पिटल में इलाज के दौरान निधन हो गया। वे पिछले 24 घंटे से वेंटिलेटर पर थे। बुधवार सुबह लगभग 9 बजे उनका पार्थिव शरीर मझिआंव लाया गया। शव पहुंचते ही उनकी पत्नी डॉ. कबिता वर्मा का रो-रोकर बुरा हाल हो गया और वे बेहोश हो गईं। उनके निधन की खबर फैलते ही अंतिम दर्शन के लिए स्थानीय लोगों एवं गणमान्य व्यक्तियों की भीड़ उमड़ पड़ी। इस दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष सुमित्रा देवी, किसान नेता पुष्परंजन मेहता, प्रेमानंद त्रिपाठी, भगवान दत्त तिवारी सहित बड़ी संख्या में सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। अंतिम संस्कार की तैयारियां राधाकृष्ण मंदिर के महंत साधु बाबा केशवनारायण दास एवं पंडित विनय पाठक की देखरेख में संपन्न हुईं। इसके बाद कोयल नदी स्थित राधाकृष्ण मंदिर घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। उनके दो नाबालिग पुत्रों प्रिंस राज एवं अंकित राज में बड़े पुत्र प्रिंस राज ने मुखाग्नि दी।
परिजनों ने बताया कि रजनीकांत वर्मा पिछले लगभग एक वर्ष से गंभीर आंतरिक बीमारी से पीड़ित थे। उनका इलाज बिहार एवं उत्तर प्रदेश के कई बड़े अस्पतालों में कराया गया था। रजनीकांत वर्मा मूल रूप से बिहार के औरंगाबाद जिले के दाऊदनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत सिंदुरिया गांव के निवासी थे। पिछले लगभग डेढ़ दशक से वे मझिआंव में रहकर राधाकृष्ण नर्सिंग होम का संचालन कर रहे थे। उनके असामयिक निधन से मझिआंव एवं आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोगों ने उन्हें एक मिलनसार, समाजसेवी एवं संवेदनशील व्यक्तित्व के रूप में याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।

