कृष्णा यादव(टाईगर)
धुरकी(गढ़वा):गढ़वा जिले के धुरकी थाना क्षेत्र अंतर्गत धोबनी गांव निवासी 65 वर्षीय शकल कोरवा का शव मंगलवार की शाम कुंबाकाला की जंगल में संदिग्ध अवस्था में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। मृतक के परिजनों ने बताया कि शकल कोरवा शनिवार की सुबह घर से निकले थे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे। काफी खोजबीन के बाद भी उनका कोई पता नहीं चल पाया था। मंगलवार की शाम ग्रामीणों ने सूचना दी कि कुंबाकाला जंगल में एक शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलने के बाद परिजन मौके पर पहुंचे, जहां शव की पहचान शकल कोरवा के रूप में की गई। इसके बाद तत्काल घटना की जानकारी धुरकी थाना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा सदर अस्पताल भेज दिया। इस मामले में धुरकी थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। इधर मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि शकल कोरवा की हत्या कर शव को जंगल में फेंक दिया गया है। परिजनों ने बताया कि मृतक ओझा-गुणी का काम भी करते थे, जिस कारण कई तरह की आशंकाएं व्यक्त की जा रही हैं। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच में जुटी हुई है।

