
सगमा(गढ़वा):गढ़वा जिले के धुरकी थाना क्षेत्र अंतर्गत करवापहाड़ गांव में दहेज को लेकर एक शादी टूटने का मामला सामने आया है। रविवार को बारात नहीं आने पर लड़की के पिता रिजवान अंसारी रोते-बिलखते थाना पहुंचे और न्याय की गुहार लगाई। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी की शादी गांव के ही साहबान अंसारी के छोटे बेटे असमुद्दीन अंसारी से दो महीने पहले तय हुई थी।
समझौते के अनुसार दहेज में एक लाख रुपये नकद, एक मोटरसाइकिल और घरेलू सामान देने की बात तय हुई थी। लड़की के पिता ने बताया कि उन्होंने ईद के बाद एक लाख रुपये नकद भी दे दिए थे और तीन मई 2026 को शादी की तिथि निर्धारित थी। शादी की पूरी तैयारी कर ली गई थी, कार्ड छप चुके थे, टेंट-सामियाना लग चुका था और मेहमान भी घर पहुंच चुके थे। आरोप है कि तय तिथि से ठीक पहले लड़के के पिता ने बारात लाने से इंकार कर दिया। काफी समझाने-बुझाने के बावजूद उन्होंने शादी से साफ इनकार कर दिया। पीड़ित पक्ष का कहना है कि दूल्हा पक्ष ने पुश्तैनी एक एकड़ 28 डिसमिल जमीन अपने नाम कराने की नई मांग रख दी और नकद राशि लौटाने से भी मना कर दिया। घटना के बाद पीड़ित पिता ने धुरकी थाने में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी ने बताया कि आवेदन प्राप्त हुआ है और मामले में विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।

