डंडई थाना क्षेत्र के रारो गांव निवासी मनोज चंद्रवंशी पिता ननकु चंद्रवंशी उम्र करीब 37 वर्ष ने पति व पत्नी के आपसी विवद में शुक्रवार की रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर लिया। घटना के बाद पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक की पत्नी गुडी देवी ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे वह समूह से लोन निकालने के लिए डंडई बैंक गई थीं। मजदूर दिवस होने के कारण बैंक बंद था, जिस वजह से वह कुछ अन्य काम निपटाकर शाम करीब 4 बजे घर लौटीं। घर देरी से पहुंचने पर पति मनोज चंद्रवंशी उग्र हो गया और गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने लगा। विवाद को बढ़ता देख ससुर और देवर ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया और पत्नी को अपने साथ ले गया। इसके बाद मनोज ने घर में ताला लगाया और वहां से निकल गए। काफी देर तक वापस न लौटने पर जब परिजनों ने खोजबीन शुरू किया तो घर के समीप ही एक बेल के पेड़ से उनका शव लटका मिला। परिजनों ने आनन-फानन में उन्हें नीचे उतारा तब तक उनकी मृत्यु हो चुकी थी। मृतक के पिता ननकू चंद्रवंशी ने बताया कि पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था।दोनों को शांत कराया था, लेकिन बाद में बेटे ने यह कदम उठा लिया। पत्नी गुडी देवी ने बताया कि हमलोग पहले से ही कर्ज के बोझ तले दबा हुआ है। उन्होंने दो समूह से ऋण ले रखा है एक स्वयं सहायता समूह से और दूसरा उत्कर्ष समूह से। अब घर में कोई कमाने वाला सदस्य नहीं है कर्ज चुकाना और परिवार का भरण-पोषण करना बेहद मुश्किल हो गया है। मृतक अपने पीछे तीन बेटियां और एक छोटा बेटा छोड़ गया। घटना की सूचना पर डंडई थाना पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

