सगमा प्रखंड के दक्षिण सोनडीहा स्थित पीएम श्री मध्य विद्यालय में मंगलवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। स्कूल अवधि के दौरान कक्षा तीन के छात्र द्वारा गुल्ली-डंडा खेलने के क्रम में एक छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। इस हादसे ने विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था और प्रबंधन पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।जानकारी के अनुसार सुबह करीब 10:30 बजे पढ़ाई के समय कक्षा तीन का छात्र फैजान अंसारी स्कूल परिसर में गुल्ली-डंडा खेल रहा था। इसी दौरान खेली गई गुल्ली वहां मौजूद छात्रा निधि कुमारी की आंख में जा लगी। चोट इतनी गंभीर थी कि छात्रा तुरंत दर्द से कराह उठी और उसकी आंख से खून बहने लगा। परिजन और ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि उसकी आंख की रोशनी प्रभावित हो सकती है।घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और अभिभावक विद्यालय पहुंच गए। उन्होंने हेडमास्टर और शिक्षकों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई। लोगों का कहना था कि पढ़ाई के समय बच्चे खतरनाक खेल कैसे खेल रहे थे और उस समय शिक्षक निगरानी क्यों नहीं कर रहे थे।
घायल छात्रा को परिजन तुरंत इलाज के लिए गढ़वा ले गए, जहां डॉक्टरों ने स्थिति गंभीर देखते हुए बेहतर उपचार के लिए रांची रेफर कर दिया। ग्रामीणों ने दोषियों पर सख्त कार्रवाई और स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
घटना के संबंध में पूछने पर विद्यालय के प्रधानाचार्य मनोहर दास ने बताया कि करीब 10 बजे लंच के समय बच्चे भोजन कर रहे थे। उसी दौरान एक बच्चा हाथ में लकड़ी का टुकड़ा फेंक रहा था, जो पास में खड़ी छात्रा की बाईं आंख में लग गया। चोट लगते ही छात्रा रोने लगी और आंख से खून बहने लगा। तुरंत उसके अभिभावकों को सूचना देकर विद्यालय बुलाया गया। इसके बाद बच्ची को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धुरकी ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने गढ़वा सदर अस्पताल रेफर किया। वहां स्थिति गंभीर होने पर बेहतर इलाज के लिए रांची भेज दिया गया।

