भंडारिया(गढ़वा):बड़गढ़ मुख्य मार्ग पर मरदा स्थित सुंदर नदी पुल के समीप रविवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में भंडरिया निवासी युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान विजय मांझी के 20 वर्षीय पुत्र मुकेश मांझी के रूप में की गई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार मुकेश मांझी अपने घर भंडरिया से मोटरसाइकिल पर सवार होकर बड़गड बाजार जा रहा था। इसी दौरान मरदा के पास सुंदर नदी पुल के समीप उसकी बाइक तेज रफ्तार में अनियंत्रित हो गई और सीधे पुल के नीचे जा गिरी। हादसे में मुकेश के सिर में गंभीर चोट लग गई, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।घटना के बाद आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना भंडरिया थाना को दी। सूचना मिलते ही पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई में जुट गई।

