सगमा(गढ़वा):प्रखण्ड क्षेत्र में रामनवमी पूजा शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो गई। इस अवसर पर श्री राम सेवा समिति के द्वारा विभिन्न गांवों से आए अखाड़ों को सम्मानित किया गया। प्रखंड क्षेत्र के सगमा, शोनडिहा, सारदा, बीरबल, बैलिया, घघरी एवं मकरी गांव में हनुमान ध्वज स्थापित कर विधिवत पूजा-अर्चना की गई।शाम चार बजे के बाद विभिन्न अखाड़ों ने गांवों का भ्रमण करते हुए बीरबल गांव के गांधी चौक पर एकत्रित होकर पारंपरिक कला का प्रदर्शन किया। इस दौरान पूर्व जिला परिषद सदस्य 65 वर्षीय नंद गोपाल यादव ने भी लाठी चलाने की कला का शानदार प्रदर्शन किया, जिसे देखकर उपस्थित लोगों ने उनके जज्बे की सराहना की। वहीं बीरबल मुखिया इंद्रजीत कुशवाहा और प्रखण्ड प्रमुख अजय शाह ने भी आपसी लाठी कौशल का प्रदर्शन किया।कार्यक्रम के दौरान धुरकी थाना के एसआई जुबेर आलम पुलिस बल के साथ मौजूद रहे और पूरे आयोजन में शांति व्यवस्था बनाए रखी। श्री राम सेवा समिति द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में मुख्य अतिथियों का अंगवस्त्र एवं माला पहनाकर स्वागत किया गया।इस मौके पर सैकड़ों की संख्या में मौजूद रामभक्त धार्मिक गीतों पर झूमते नजर आए। कार्यक्रम के बाद सभी अखाड़े नाचते-गाते अपने-अपने गांव लौट गए। अंत में देवी धाम में महा आरती के साथ रामनवमी पूजा का समापन किया गया। कार्यक्रम में देवराज प्रजापति, अंजू यादव सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

