सगमा(गढ़वा):प्रखंड क्षेत्र में पिछले दो दिनों से सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने स्थानीय लोगों की धार्मिक भावनाओं को आहत कर दिया है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो बीरबल गांव स्थित सूर्य मंदिर परिसर का है, जहां 24 मार्च को छठ पूजा के अवसर पर आदित्य सूर्य मंदिर ट्रस्ट के तत्वावधान में कार्यक्रम आयोजित किया गया था।ग्रामीणों के अनुसार, सांस्कृतिक कार्यक्रम के नाम पर आर्केस्ट्रा के कलाकारों को बुलाया गया था, लेकिन मंच पर फूहड़ भोजपुरी गीतों पर अश्लील डांस कराया गया। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि नर्तकियों के साथ ट्रस्ट के उपाध्यक्ष भोला शाह, सदस्य भिनसेरी भुईयां ठुमके लगाते नजर आ रहे हैं,
वहीं सचिव श्रीकांत कुमार मंच पर खड़े होकर कार्यक्रम का उत्साहवर्धन कर रहे हैं।इस घटना के सामने आने के बाद पूरे प्रखंड क्षेत्र में आक्रोश और चर्चा का माहौल है। लोगों का कहना है कि छठ पूजा जैसे पवित्र और आस्था से जुड़े पर्व में इस तरह का आयोजन धार्मिक मर्यादा के खिलाफ है और इससे समाज की भावनाओं को ठेस पहुंची है।ग्रामीणों ने सूर्य मंदिर ट्रस्ट से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है। साथ ही अनुमंडल पदाधिकारी श्री बंशीधर नगर से ट्रस्ट की मान्यता रद्द करने की भी अपील की गई है।
बीरबल छठ पूजा में अश्लील डांस का वीडियो वायरल सूर्य मंदिर ट्रस्ट पर उठे सवाल

