सगमा(गढ़वा):राम नवमी पूर्व संध्या पर ऐतिहासिक बाइक जुलूस, भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगमराम नवमी के पूर्व संध्या पर प्रखण्ड के बीरबल गांव में श्री राम सेवा समिति के तत्वाधान में भव्य और ऐतिहासिक बाइक जुलूस का आयोजन किया गया। इस जुलूस में सैकड़ों की संख्या में राम भक्त शामिल हुए। सभी भक्त अपने-अपने वाहनों पर भगवा ध्वज लहराते हुए पूरे उत्साह के साथ जुलूस में भाग ले रहे थे। जुलूस गांव स्थित देवी धाम से प्रारंभ होकर बीरबल, बैलिया, बिलासपुर और मकरी होते हुए पुनः देवी धाम पहुंचकर सम्पन्न हुआ।इस दौरान पूरे क्षेत्र में भक्ति का माहौल देखने को मिला। जुलूस में शामिल श्रद्धालु “जय श्री राम” और “हर हर महादेव” के जयकारे लगा रहे थे, जिससे पूरा प्रखण्ड भक्तिमय वातावरण में डूब गया।
जुलूस की सुरक्षा व्यवस्था के लिए धुरकी थाना की पुलिस बल भी मुस्तैद नजर आई और पूरे कार्यक्रम पर नजर बनाए रखी।श्री राम सेवा समिति के सदस्यों ने बताया कि देवी धाम पर महाबिरी ध्वज स्थापित कर रात्रि जागरण का आयोजन किया जाएगा। राम नवमी के दिन सुबह पूजा-पाठ किया जाएगा तथा शाम चार बजे महाबिरी ध्वज के साथ गांव भ्रमण निकाला जाएगा।इसके पश्चात बीरबल गांधी चौक पर सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें विभिन्न गांवों से आए अखाड़ा अध्यक्षों, पंचायत प्रतिनिधियों और विशिष्ट व्यक्तियों को सम्मानित किया जाएगा। इसी के साथ राम नवमी पूजा का समापन किया जाएगा।

