विशुनपुरा(गढ़वा):प्रखंड क्षेत्र में जनहित से जुड़े कार्यों में लगातार हो रही परेशानियों तथा अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई में अंचल प्रशासन की कथित उदासीनता को लेकर विशुनपुरा की प्रखंड प्रमुख दीपा कुमारी ने कड़ी नाराजगी जताई है। प्रमुख ने 16 मार्च को अंचलाधिकारी को पत्र भेजकर अतिक्रमण हटाने की दिशा में शीघ्र ठोस कार्रवाई नहीं होने पर तिरंगा झंडे के साथ कैंडल मार्च निकालने तथा अंचलाधिकारी का पुतला दहन करने की चेतावनी दी है।प्रमुख दीपा कुमारी ने अपने पत्र में कहा है कि विशुनपुरा अंचल क्षेत्र में अतिक्रमण की समस्या दिनोंदिन गंभीर होती जा रही है, लेकिन अंचल प्रशासन इस दिशा में प्रभावी कदम उठाने में असफल साबित हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि अतिक्रमणकारियों के कारण क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण जनहित के कार्य बाधित हो रहे हैं, जिससे आम लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान प्रत्येक नागरिक को सामाजिक और आर्थिक न्याय का अधिकार देता है। इसके तहत हर व्यक्ति को निडर, स्वच्छ और सम्मानजनक तरीके से व्यवसाय और रोजगार करने का अधिकार है। चाहे वह सब्जी विक्रेता हो, ठेला-खोमचा संचालक हो, ऑटो चालक हो या अन्य कोई छोटा व्यवसायी। ऐसे लोगों के लिए अनुकूल व्यवस्था उपलब्ध कराना स्थानीय प्रशासन की जिम्मेदारी है, लेकिन विशुनपुरा अंचल में इसके विपरीत स्थिति देखने को मिल रही है।प्रमुख ने आरोप लगाया कि अंचलाधिकारी की निष्क्रियता के कारण सरकारी जमीनों पर अतिक्रमण बढ़ता जा रहा है। इसका परिणाम यह है कि कई महत्वपूर्ण योजनाएं और सुविधाएं प्रभावित हो रही हैं। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि अस्पताल परिसर में जहां एम्बुलेंस के लिए स्थान होना चाहिए, वहां भवन निर्माण हो रहा है। सब्जी बाजार सड़क पर लगने के कारण यातायात बाधित हो रहा है। बच्चों के लिए स्कूल परिसर और खेल मैदान उपलब्ध नहीं हो पा रहा है, जबकि सरकारी जमीन मौजूद है। इसके बावजूद अतिक्रमण हटाने की दिशा में ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है।इसके अलावा उन्होंने कहा कि कई आंगनबाड़ी केंद्रों को मुख्य सड़क से जोड़ने के लिए सरकारी जमीन होने के बावजूद रास्ता उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। सार्वजनिक स्थलों पर शौचालय निर्माण, वाहनों के लिए स्टैंड, तथा नई सड़कों के निर्माण जैसे कार्य भी अतिक्रमण के कारण अधर में लटके हुए हैं। जबकि विशुनपुरा अंचल क्षेत्र में हजारों एकड़ सरकारी जमीन उपलब्ध है, फिर भी योजनाओं के लिए जमीन की कमी बताकर कार्यों को टाल दिया जाता है।प्रमुख ने कहा कि यदि जल्द ही अतिक्रमण हटाने की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाया गया तो जनप्रतिनिधियों और आम लोगों के साथ मिलकर तिरंगा झंडे के साथ कैंडल मार्च निकाला जाएगा और अंचलाधिकारी का पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से जनहित को सर्वोपरि रखते हुए शीघ्र कार्रवाई करने की मांग की है।

