केतार(गढ़वा):प्रतिभा किसी परिचय की मोहताज नहीं होती और न ही शारीरिक अक्षमता बुलंद हौसलों के आड़े आती है। इसका जीता जागता उदाहरण गढ़वा जिले के तीन दिव्यांग खिलाड़ियों ने पेश किया है। जमशेदपुर में आयोजित राज्य स्तरीय दिव्यांग खेल ट्रायल में जिले के केतार प्रखंड के तीन होनहारों का चयन हुआ है।जिससे पूरे प्रखंड में खुशी की लहर है।केतार प्रखंड के दिव्यांगो ने खेल जगत में अपनी अलग पहचान बनाई है।बलीगढ़ पंचायत के चेचरिया निवासी पप्पू कुमार यादव और राणा प्रताप यादव ने बैडमिंटन ट्रायल में अपनी चपलता और सटीक शॉट्स से चयन कर्ताओं को प्रभावित किया।दोनों का चयन अब राज्य स्तरीय बैडमिंटन टीम में हो गया है।वहीं थ्रो बॉल प्रतियोगिता में मुकुंदपुर ग्राम पंचायत के जयराम पासवान ने अपनी ताकत और तकनीक का शानदार प्रदर्शन किया। जयराम के चयन से मुकुंदपुर में जश्न का माहौल है।दिव्यांग संघ के अध्यक्ष रविकांत चंद्रवंशी ने हर्ष जताते हुए शुभकामनाएं दी है।कहा ग्रामीण पृष्ठभूमि से निकलकर जमशेदपुर जैसे बड़े मंच पर अपना स्थान पक्का करना इन दिव्यांग युवाओं के कड़े संघर्ष और अटूट मेहनत का परिणाम है।

