सगमा/धुरकी (गढ़वा)कच्ची शराब के निर्माण एवं बिक्री के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत धुरकी पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना क्षेत्र के केतमा गांव स्थित दुलारी महुआ बांध के समीप अवैध रूप से संचालित शराब अड्डे पर छापामारी कर पुलिस ने करीब 60 किलो जावा महुआ सहित शराब बनाने में प्रयुक्त उपकरणों को नष्ट कर दिया। इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए धुरकी थाना प्रभारी जनार्दन राऊत ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि केतमा गांव के दुलारी महुआ बांध के पास अवैध रूप से महुआ शराब का निर्माण कर उसकी बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंची और छापामारी अभियान चलाया। पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही शराब कारोबार में संलिप्त लोग मौके से फरार हो गए।
छापामारी के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में जावा महुआ बरामद किया, जिसे मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। साथ ही शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाले बर्तन एवं अन्य उपकरणों को भी विनष्ट किया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार की गई है।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि थाना क्षेत्र में अवैध रूप से शराब या नशीले पदार्थों का कारोबार करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे तत्वों के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा। पुलिस की इस कार्रवाई से स्थानीय लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है और अवैध शराब कारोबार पर अंकुश लगाने की उम्मीद बढ़ी है।

