सगमा(गढ़वा):प्रखंड मुख्यालय के सगमा साप्ताहिक बाजार परिसर में प्रखंड स्तरीय एक दिवसीय स्वास्थ्य मेला का आयोजन किया गया। इस स्वास्थ्य मेले में क्षेत्र के दूर-दराज से आए ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और विभिन्न प्रकार की बीमारियों की निःशुल्क जांच एवं दवा का लाभ उठाया। मेले में अलग-अलग बीमारियों के लिए पृथक-पृथक स्टॉल लगाए गए थे, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा मरीजों की जांच कर आवश्यक परामर्श एवं दवाएं उपलब्ध कराई गईं।
स्वास्थ्य मेला का उद्घाटन झामुमो प्रखंड अध्यक्ष डॉ. हरिदास प्रसाद यादव,जयगोपाल यादव, सदानंद यादव, हजारी यादव,उदय यादव, किरानी पासवान, फुलेंद्र कुमार सहित धुरकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की चिकित्सक डॉ. पूनम कुमारी, डॉ. आलोक कुमार पांडेय एवं डॉ. दीपक कुमार यादव द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। उद्घाटन के पश्चात शिविर को संबोधित करते हुए झामुमो प्रखंड अध्यक्ष डॉ. हरिदास प्रसाद यादव ने कहा कि झारखंड की हेमंत सोरेन सरकारऔर क्षेत्रीय विधायक अंनत प्रताप देव उर्फ़ छोटे राजाहर मोर्चे पर सफलतापूर्वक कार्य कर रही है। माननीय मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य के सुदूर एवं ग्रामीण इलाकों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है। मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप ही आज सगमा में प्रखंड स्तरीय स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया है।
उन्होंने बताया कि शिविर में सामान्य रोग, नेत्र रोग, महिलाओं से संबंधित रोग सहित अन्य बीमारियों की जांच की गई। सभी स्टॉलों पर मरीजों की भारी भीड़ देखी गई, जिससे यह स्पष्ट है कि ग्रामीणों को इस प्रकार के आयोजनों की अत्यधिक आवश्यकता है। स्वास्थ्य मेले में सेवा देने वाले स्वास्थ्यकर्मियों में मुख्य रूप से नेत्र सहायक प्रकाश पांडेय, एसटीएस रणधीर कुमार, एमपीडब्लू मनोज कुमार, पीएमडब्लू राजवर्धन सिंह, एएनएम नीलम सिन्हा एवं पुष्प कुमार शामिल थे। स्वास्थ्य मेले के सफल आयोजन से क्षेत्र के लोगों में संतोष एवं उत्साह देखा गया।

