सगमा(गढ़वा ) प्रखंड अंतर्गत मकरी गांव स्थित सर्वेश्वरी समूह आश्रम में समूह के संस्थापक अघोरेश्वर भगवान राम के हनुमान के रूप में प्रसिद्ध फोका बीर बाबा के निर्वाण दिवस के अवसर पर श्रद्धा और भक्ति के साथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस पावन अवसर पर विधिवत हवन-पूजन एवं अनुष्ठान के उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और प्रसाद ग्रहण किया।कार्यक्रम की शुरुआत आश्रम के उपाध्यक्ष बिहारी राम द्वारा फोका बीर बाबा के मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच हवन-पूजन कर की गई। इस दौरान श्रद्धालुओं ने बाबा के प्रति आस्था व्यक्त करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। निर्वाण दिवस को लेकर आश्रम परिसर को फूल-मालाओं से आकर्षक ढंग से सजाया गया था,
जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।भंडारे में दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं ने पंक्तिबद्ध होकर प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन को सफल बनाने में आश्रम के उपाध्यक्ष बिहारी राम, मंत्री रमेश कुमार यादव, कृष्ण गुप्ता, सुशील कुमार सिन्हा, अनूप लाल यादव, मनोज पासवान, संतोष जायसवाल, बबलू मौर्या, मुकेश गुप्ता, शिव पूजन यादव, सूरज कुमार एवं राजीव रंजन गुप्ता सहित अन्य सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम शांतिपूर्ण और अनुशासित वातावरण में संपन्न हुआ।
फोका बीर बाबा के निर्वाण दिवस पर सर्वेश्वरी समूह आश्रम में विशाल भंडारा, उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

