मझिआंव(गढ़वा):ठंड के बढ़ते प्रकोप एवं शीतलहरी को देखते हुए नगर पंचायत मझिआंव के युवा समाजसेवी मारुति नंदन सोनी ने आमजन को ठंड से निजात दिलाने की दिशा में पहल की है। इसी क्रम में उन्होंने गढ़वा उपायुक्त दिनेश कुमार यादव को एक लिखित आवेदन सौंपा है।आवेदन के माध्यम से समाजसेवी मारुति नंदन सोनी ने उपायुक्त महोदय को अवगत कराया कि नगर पंचायत मझिआंव सहित पूरे गढ़वा जिले में इन दिनों ठंड का प्रभाव काफी अधिक हो गया है। दिसंबर माह लगभग बीत चुका है, लेकिन ठंड का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। सुबह-शाम शीतलहरी चलने से गरीब, असहाय, बुजुर्ग, महिलाएं एवं छोटे बच्चे सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं। ऐसे में ठंड से बचाव के लिए प्रशासनिक स्तर पर त्वरित राहत कार्य किए जाने की आवश्यकता है।उन्होंने अपने आवेदन में मांग की कि नगर पंचायत क्षेत्र के विभिन्न चौक-चौराहों, बस स्टैंड, बाजार एवं सार्वजनिक स्थानों पर अलाव जलाने के लिए सुखी लकड़ियों की समुचित व्यवस्था कराई जाए। साथ ही जरूरतमंद एवं गरीब लोगों के बीच कंबल वितरण का कार्य भी शीघ्र शुरू किया जाए, ताकि कंपकंपाती ठंड से लोगों को राहत मिल सके।मारुति नंदन सोनी ने कहा कि ठंड के कारण आमजन का जनजीवन प्रभावित हो रहा है। सोनी ने गढ़वा उपायुक्त दिनेश कुमार यादव से आग्रह किया कि मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए यथाशीघ्र राहत सामग्री उपलब्ध कराई जाए, ताकि जिले के लोग को भीषण ठंड से सुरक्षित रह सके।

