कांडी(गढ़वा)प्रखंड कार्यालय में शुक्रवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी राकेश सहाय की अध्यक्षता में स्टीयरिंग एवं मॉनिटरिंग कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में शिक्षा एवं विद्यालय विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा करते हुए प्रस्ताव पारित किए गए।
Lबैठक में बताया गया कि प्रखंड के पांच विद्यालय राजकीय मध्य विद्यालय राणाडीह, मध्य विद्यालय हरिहरपुर, मध्य विद्यालय लमारी कला, उत्क्रमित मध्य विद्यालय अधौरा तथा उत्क्रमित मध्य विद्यालय पतरिया में किचेन गार्डन विकसित करने के लिए प्रति विद्यालय पांच हजार रुपये की राशि पीएफएमएस पोर्टल के माध्यम से अपलोड कर दी गई है। उत्क्रमित मध्य विद्यालय खुटहेरिया के खराब एवं जर्जर भवन को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। बीडीओ राकेश सहाय ने बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) को शीघ्र बैठक कर जर्जर भवन को ध्वस्त कराने का निर्देश दिया। बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि प्रखंड के 90 विद्यालयों में मध्याह्न भोजन योजना के अंतर्गत बच्चों की औसत उपस्थिति के आधार पर कुल 37,56,838 रुपये की राशि प्राप्त हुई है, जिसे पीएफएमएस के माध्यम से अपलोड कर दिया गया है। इसके अलावा सभी विद्यालयों में 12 दिनों के लिए रागी लड्डू वितरण हेतु 5,58,706 रुपये की राशि भी स्वीकृत कर अपलोड की गई है।बैठक में बीईईओ रम्भा चौबे, एसएमसी अध्यक्ष पंकज कुमार, संजय पासवान, संयोजिका रेणु देवी सहित अन्य पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

