रविकांत चंद्रवंशी
केतार(गढ़वा):प्रखंड कार्यालय परिसर में 9 वीं बटालियन एनडीआरएफ की टीम ने लोगों को जागरूक किया।टीम ने बताया कि आपदा एवं आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने को लेकर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया।कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रशांत कुमार सहित प्रखंड कार्यालय के सभी कर्मी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।कार्यक्रम के दौरान एनडीआरएफ के अधिकारियों ने आपदा के समय त्वरित बचाव, प्राथमिक उपचार एवं रक्तस्राव नियंत्रण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। उन्होंने बताया कि प्राकृतिक आपदाओं के दौरान घबराने के बजाय सतर्कता,सही जानकारी और त्वरित निर्णय से जान-माल की क्षति को काफी हद तक कम किया जा सकता है।एनडीआरएफ के प्रतिनिधियों ने दुर्घटना के बाद शरीर से हो रहे रक्तस्राव को रोकने के तरीके, प्राथमिक उपचार, सुरक्षित निकासी तथा प्रशासन के साथ समन्वय जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी दी।वहीं प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रशांत कुमार ने कहा कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम आम लोगों के लिए बेहद उपयोगी हैं,क्योंकि आपदा के समय सही जानकारी ही सबसे बड़ा सहारा बनती है।प्रखंड कार्यालय के कर्मियों एवं उपस्थित लोगों ने कार्यक्रम को उपयोगी बताते हुए कहा कि इस तरह की पहल से आमजन को आपदा के समय सही निर्णय लेने में मदद मिलती है।कार्यक्रम के अंत में एनडीआरएफ टीम ने लोगों से आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूक रहने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की।

