Shyambachan Yadav
सगमा प्रखंड मुख्यालय स्थित सगमा में एक करोड़ 42 लाख रुपए की लागत से बन रहे सामुदायिक स्वास्थ केंद्र भवन निर्माण में घटिया मटेरियल का प्रयोग करने का मामला प्रकाश में आया है। गुरुवार को ग्रामीणों ने स्थल पर पहुंच घटिया मटेरियल प्रयोग करने पर नाराजगी जताया। लोगो ने कहा कि निर्माण कार्य में घटिया सीमेंट के साथ भीज का प्रयोग कर उतर प्रदेश के नारायणपुर का घटिया ईट का प्रयोग संवेदक द्वारा कराया जा रहा जो गलत है।
स्थानीय ग्रामीण धर्मेंद्र गुप्ता, विजय पासवान और पाठक यादव ने आरोप लगाया कि निर्माण में घटिया ईंट, कमजोर गिट्टी और कमज़ोर सीमेंट का इस्तेमाल किया जा रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि जिस भवन में आने वाले वर्षों तक गरीबों का इलाज होना है, उसी में ऐसी लापरवाही किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जा सकती। ग्रामीणों ने कहा कि अगर तत्काल सुधार नहीं किया गया, तो हम उच्च अधिकारियों को लिखित शिकायत करेंगे और आंदोलन करने पर भी मजबूर होंगे।
स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य में पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित होनी चाहिए, ताकि जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिल सके।
इस मामले में जिले के उपायुक्त दिनेश कुमार यादव ने कहा कि आज इस मामले की जानकारी मिला है। मामले की जांच कर दोषी संवेदक के विरुद्ध कारवाई किया जाएगा।

