सगमा (गढ़वा)। सगमा प्रखंड के पुतुर गांव में सड़कों की बदहाल स्थिति को देखते हुए मोरम मिट्टी डालने की पहल की गई है। प्रथम चरण में मनोज डीलर के घर से हनुमान मंदिर तक सड़क पर मोरम मिट्टी डाली जाएगी। इसके अलावा बरवा दोहर से पुतुर स्कूल तक सड़क पर भी मोरम मिट्टी डालना सुनिश्चित किया गया है। इसकी जानकारी देते हुए डॉ. हरिदास यादव ने बताया कि शनिवार को सड़कों की स्थिति को देखते हुए मोरम मिट्टी डालने का निर्णय लिया गया है। सबसे पहले हनुमान मंदिर तक सड़क को दुरुस्त किया जाएगा। इसके बाद अन्य सड़कों का निरीक्षण कर जरूरत के अनुसार मोरम मिट्टी डाली जाएगी। दुर्गा पूजा को देखते हुए सड़कों को चलने योग्य बनाने की पहल की जा रही है, ताकि ग्रामीणों और श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो। वहीं, इस मामले को लेकर पंचायत की मुखिया अनीता देवी की कार्यशैली पर सवाल ग्रामीणों उठ रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्र में छोटी-मोटी सड़क मरम्मत के लिए पंचायत को मिलने वाली राशि और विकास कार्यों को लेकर भी चर्चा हो रही है। लोगों का सवाल है कि पंचायत स्तर पर होने वाले कार्यों के लिए विधायक को पहल क्यों करनी पड़ रही है? मुखिया के गांव में ही सड़क की स्थिति खराब होने के कारण विधायक अनंत प्रताप देव के निर्देश पर मोरम मिट्टी डालने का निर्णय लिया गया है। अब देखना होगा कि सड़क की समस्या का समाधान कितनी जल्दी हो पाता है।

