श्रीबंशीधर नगर:स्थानीय सरस्वती विद्या मंदिर में नवरात्रि के शुभ अवसर पर कन्या पूजन कार्यक्रम का आयोजन श्रद्धा,भक्ति एवं हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय समिति के अध्यक्ष जोखू प्रसाद, कोषाध्यक्ष राजकुमार प्रसाद, सहसचिव चंदन कुमार एवं प्रधानाचार्य रविकांत पाठक द्वारा सामूहिक रूप से भारत माता,ओम, माँ शारदे एवं कन्या रूप में विराजमान माँ दुर्गा के समक्ष दीप प्रज्वलन तथा पुष्पार्चन से हुआ। कार्यक्रम में कक्षा अरूण से द्वितीय तक की बहनों ने नौ दुर्गा के भव्य एवं दिव्य स्वरूपों में सजकर अपनी मनमोहक प्रस्तुति से सभी का ध्यान आकर्षित किया। कन्याओं के विविध देवी स्वरूपों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। अभिभावक,आचार्य- दीदी जी व भैया -बहन के द्वारा सभी कन्याओं का पैर धोकर उपहार दिया गया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य रविकांत पाठक ने कहा कि कन्या पूजन भारतीय संस्कृति की ऐसी परंपरा है, जो नारी शक्ति को सम्मान देने के साथ-साथ समाज में मातृशक्ति के महत्त्व को रेखांकित करती है। इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति, धार्मिक आस्था, नैतिक मूल्यों एवं संस्कारों के प्रति अनुराग विकसित करने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।विद्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम ने सभी को नारी शक्ति के सम्मान, बालिकाओं के गौरव तथा भारतीय परंपराओं के संरक्षण का प्रेरणादायी संदेश दिया। इस कार्यक्रम में आचार्य नन्दलाल पाण्डेय, सुधीर प्रसाद श्रीवास्तव, सत्येन्द्र प्रजापति, दिनेश कुमार,नीरज सिंह, सुजीत दुबे,अशोक कुमार, हिमांशु झा, कृष्ण मुरारी, प्रसून कुमार,बिक्रम प्रसाद, हृषिकेश तिवारी, रूपेश कुमार, प्रीतम कुमार, प्रवीण कुमार,लालू कुमार यादव,अमन केरकेट्टा सहित आचार्या आरती श्रीवास्तव, नीति कुमारी, सुप्रिया कुमारी, खुशबू सिंघल,रेखा कुमारी,सलोनी कुमारी,रेणु पाठक ,पूर्णिमा कुमारी व नैन्सी कुमारी उपस्थित थे।

