मंझिआंव(गढ़वा):झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की माता श्रीमती रूपी सोरेन के निधन पर गुरुवार को आरके पब्लिक स्कूल, उँचरी में विशेष प्रार्थना सभा आयोजित कर शोक व्यक्त किया गया। विद्यालय परिवार ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना जताई।विद्यालय के प्राचार्य केआर झा ने कहा कि श्रीमती रूपी सोरेन का इलाज के दौरान रांची के हिल व्यू अस्पताल में निधन हुआ। उनके निधन को मुख्यमंत्री परिवार के साथ-साथ पूरे झारखंड के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए उन्होंने कहा कि श्रीमती रूपी सोरेन त्याग और संघर्ष की प्रतीक थीं। उन्होंने अपने पति एवं झारखंड आंदोलन के प्रमुख नेता दिशोम गुरु स्व. शिबू सोरेन के सामाजिक एवं राजनीतिक संघर्ष में मजबूती से साथ दिया।शोकसभा में विद्यालय के विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। साथ ही ईश्वर से शोकाकुल परिवार को इस दुख की घड़ी में धैर्य एवं शक्ति प्रदान करने की कामना की गई। इस अवसर पर आरके ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के अध्यक्ष एवं शिक्षाविद्-सामाजिक कार्यकर्ता अलख नाथ पांडेय ने भी श्रीमती रूपी सोरेन के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन एवं उनके परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की।

