भंडरिया(गढ़वा):गढ़वा बड़गड प्रखंड अंतर्गत काला खजुरी गांव में सोमवार को स्व. अलबिना तिर्की (शिक्षिका) मेमोरियल फुटबॉल टूर्नामेंट का शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में कुल 16 टीमें भाग ले रही हैं। उद्घाटन मुकाबला बिरसा मुंडा फुटबॉल क्लब और मंजुर टोला फुटबॉल क्लब के बीच खेला गया। इसमें बिरसा मुंडा फुटबॉल क्लब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मंजुर टोला फुटबॉल क्लब को 2-1 गोल से पराजित कर अगले चक्र में प्रवेश किया। टूर्नामेंट को लेकर खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों में खासा उत्साह देखा गया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सिप्रियन केरकेट्टा ने कहा कि उनकी स्वर्गीय मां अलबिना केरकेट्टा शिक्षिका थीं। उन्हें शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद में भी काफी रुचि थी। वह हमेशा बच्चों को खेल के प्रति जागरूक और प्रोत्साहित करती थीं। उनकी स्मृति को जीवंत रखने तथा ग्रामीण क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से वर्ष 2023 से लगातार इस टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है।उन्होंने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि अनुशासन, एकता, आत्मविश्वास और संघर्ष की भावना विकसित करने का माध्यम भी है। खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ मैदान में उतरना चाहिए और जीत-हार को सहजता से स्वीकार करना चाहिए। मेहनत, लगन और निरंतर अभ्यास के बल पर ग्रामीण क्षेत्र के खिलाड़ी भी अपनी प्रतिभा के दम पर बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल के साथ शिक्षा पर भी विशेष ध्यान देने की अपील की।टूर्नामेंट की अध्यक्षता सूर्यदेव बखला कर रहे हैं। आयोजन समिति में सुनील मिंज उपाध्यक्ष, संजय कुजूर सचिव तथा अमित तिर्की कोषाध्यक्ष हैं। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में अजय कुमार मिंज, विनोद कुमार गुप्ता, रविरंजन तिर्की, सुपिन केरकेट्टा, असमीर केरकेट्टा, सामुवेल केरकेट्टा, प्रशांत कुजूर, बादल मिंज, केल्विन बाखला, अमोन बखला, विश्राम बखला और विश्वनाथ बाखला सहित अन्य लोगों का विशेष योगदान रहा। टूर्नामेंट के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र के खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने और आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है।

