केतार(गढ़वा):प्रखंड क्षेत्र के मुकुन्दपुर पंचायत अंतर्गत बक्सीपुर दक्षिण टोला के लोग आज भी बुनियादी सुविधाओं से कोसों दूर हैं। स्थिति यह है कि इस टोले के 20 से 25 घरों में बिजली के तार और पोल न होने के कारण लोग अंधेरे में जीवन बिताने को मजबूर हैं। बिजली के आभाव में ग्रामीणों के साथ-साथ किसानों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।इस गंभीर समस्या को लेकर पंचायत के मुखिया मुंगा साह ने कनीय विद्युत अभियंता नगर उंटारी को एक औपचारिक पत्र लिखकर अविलंब पोल और तार उपलब्ध कराने की मांग की है। मुखिया ने अपने पत्र के माध्यम से बताया है कि टोले में बिजली की व्यवस्था न होने से ग्रामीणों का जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो रहा है और किसानों को खेती-किसानी के कार्यों में भी भारी बाधा आ रही है।ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से जल्द से जल्द संज्ञान लेकर गांव में पोल और तार लगवाने की गुहार लगाई है, ताकि इस इलाके में भी रोशनी पहुंच सके और लोगों को राहत मिल सके।

