धुरकी (गढ़वा)। धुरकी थाना क्षेत्र के पनघटवा डैम में शनिवार को नहाने के दौरान एक 19 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद धुरकी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक के शव को डैम से बाहर निकलवाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गढ़वा भेज दिया है। इस संबंध में धुरकी थाना प्रभारी जनार्दन राउत ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि पनघटवा डैम में नहाने के दौरान एक युवक गहरे पानी में डूब गया है। सूचना का सत्यापन करने पर मृतक की पहचान नीलेश कुमार (19 वर्ष), पिता विजय प्रसाद, निवासी मिशन चौक, होली क्रॉस हॉस्पिटल, थाना अंबिकापुर, जिला अंबिकापुर, छत्तीसगढ़ के रूप में हुई। बताया गया कि नीलेश कुमार अपने रिश्तेदार के यहां सुनहरा, डंडई आया हुआ था। शनिवार को वह अपने चार दोस्तों के साथ पनघटवा डैम में नहाने के लिए गया था। सभी लोग डैम में नहा रहे थे। इसी दौरान नीलेश कुमार नहाते-नहाते गहरे पानी की ओर चला गया और अचानक डूब गया। दोस्तों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। घटना के बाद वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। इसकी सूचना तत्काल धुरकी पुलिस को दी गई। पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की सहायता से काफी प्रयास के बाद युवक का शव बरामद किया। शव मिलने के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गढ़वा भेज दिया। घटना के बाद मृतक के परिजनों और रिश्तेदारों में मातम पसरा हुआ है। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।

