सगमा(गढ़वा):धुरकी थाना पुलिस की ओर से चलाए जा रहे जागरूकता अभियान के तहत मंगलवार को थाना क्षेत्र के रक्सी गांव चौराहा पर सामाजिक कुरीतियों एवं साइबर अपराध के प्रति लोगों को जागरूक किया गया। अभियान का नेतृत्व धुरकी थाना प्रभारी जनार्दन राऊत ने किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस दौरान थाना प्रभारी जनार्दन राऊत ने उपस्थित ग्रामीणों को दहेज प्रथा, बाल विवाह, मद्यनिषेध, साइबर अपराध, जमीन विवाद, डायल-112 तथा साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने ग्रामीणों से सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने में सहयोग करने की अपील की।
थाना प्रभारी ने कहा कि आम जनता की सुविधा और सुरक्षा के लिए सरकार की ओर से कई नियम एवं व्यवस्थाएं लागू की गई हैं। जानकारी के अभाव में कई बार भोले-भाले ग्रामीण कानूनी प्रक्रियाओं में उलझ जाते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए धुरकी पुलिस द्वारा गांव-गांव जाकर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है, ताकि ग्रामीणों को उनके अधिकारों, कानून और उपलब्ध सहायता सेवाओं की जानकारी मिल सके। उन्होंने साइबर ठगी से बचने के लिए किसी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक संबंधी जानकारी या अन्य निजी जानकारी साझा नहीं करने की सलाह दी। मौके पर बड़ी संख्या में महिला-पुरुष ग्रामीणों के साथ छात्र-छात्राएं भी उपस्थित रहे।
रक्सी चौराहे पर गूंजी जागरूकता की आवाज, धुरकी पुलिस ने ग्रामीणों को किया जागरूक

