रंका(गढ़वा):रंका थाना क्षेत्र के रंकाकला पंचायत के मुखिया रंजीत सोनी पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। बताया जा रहा है की मुखिया आपसी विवाद सुलझाने गए थे, उसी के दौरान कुछ लोगों ने उन पर लाठी डंडों से हमला कर दिया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना बुधवार दोपहर 2:00 बजे की बताई जा रही है। इस संबंध में मुखिया रंजीत सोनी ने बताया कि उनकी पुत्री ने उन्हें सूचना दी थी कि घर के पास कुछ लोग उनके साढ़ू के लड़का शिवम सोनी को घेर कर मारपीट कर रहे हैं। सूचना मिलने पर वे तत्काल मौके पर पहुंचकर बीच बचाव करने लगे। इसी दौरान आरोप है कि बसंत सोनी, बसंत सोनी के पुत्र अमूल सोनी, सूरज सोनी , दीपक सोनी, प्रेम सोनी के मझिला बेटा सहित बारह लोगों ने उन पर हमला कर दिया। लाठी डंडों से मार कर मुखिया को गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिससे वह मौके पर ही बेहोश हो गए। घटना के बाद उन्हें स्थानीय लोगों की मदद से रंका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान उन्हें होश आया। चिकित्सक डॉ इश्तियाक ने बताया की मुखिया के सिर में गंभीर चोट लगी है और सिर फटने के कारण पांच टांके लगाई गई है। हालांकि फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है और वह खतरे से बाहर हैं। घटना की सूचना मिलते ही मुखिया के समर्थक बड़ी संख्या में रंका थाना पहुंच गए। समर्थकों में राजेश कुमार मद्धेशिया उर्फ बुडल जी, संदीप कमलापुरी, मोहम्मद मुर्तुजा, छोटू सिद्दीकी, छठू चंद्रवंशी सहित सैकड़ो लोग शामिल थे। सभी ने थाने में आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने और न्याय करने की मांग की है। वही रंका थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

