कांडी (गढ़वा):थाना कांड संख्या 73/25 के फरार अप्राथमिकी अभियुक्त के विरुद्ध पुलिस ने सख्त कदम उठाते हुए न्यायालय द्वारा जारी नोटिस उसके आवास पर चस्पा किया। यह कार्रवाई उत्तर प्रदेश जाकर की गई, जहां अभियुक्त लंबे समय से फरार चल रहा है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, एसआई रौशन राम ने दलबल के साथ उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिला अंतर्गत नंदगंज थाना क्षेत्र के अलीपुर बरगावां गांव में पहुंचकर अभियुक्त पहलवान उर्फ आनंद दुबे उर्फ नन्हू, पिता स्वर्गीय शिव प्रसाद दुबे, के घर पर डुगडुगी बजाकर इश्तेहार चस्पा किया। इस दौरान स्थानीय पुलिस बल के साथ-साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर मौजूद रहे। एसआई रौशन राम ने बताया कि उक्त अभियुक्त थाना कांड संख्या 73/25 में आर्म्स एक्ट के अलावा धारा 103/3 तथा एससी/एसटी एक्ट के तहत नामजद अप्राथमिकी अभियुक्त है। पुलिस द्वारा कई बार उसे गिरफ्तार करने का प्रयास किया गया, लेकिन वह लगातार फरार बना हुआ है। इसी कारण न्यायालय के आदेश पर उसके आवास पर नोटिस चस्पा करते हुए इश्तेहार की कार्रवाई की गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि यदि अभियुक्त निर्धारित समय के भीतर न्यायालय या पुलिस के समक्ष उपस्थित नहीं होता है, तो उसके विरुद्ध आगे कुर्की-जब्ती जैसी कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और लोगों में कानून के प्रति विश्वास मजबूत हुआ है।

