सगमा(गढ़वा):आरबीआई के निर्देशानुसार अग्रगति सीएफएल की ओर से शुक्रवार को सगमा प्रखंड स्थित भैया रुद्र प्रताप देव उच्च विद्यालय, सगमा में विद्यार्थियों के साथ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यालय के प्रधानाध्यापक की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों को वित्तीय साक्षरता एवं वित्तीय समावेशन की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में उपस्थित विद्यार्थियों को बैंकिंग से संबंधित विस्तृत जानकारी देने के साथ बचत करने, बजट बनाने तथा साइबर अपराध और फ्रॉड कॉल से बचने के उपाय बताए गए। इसके अलावा गुरुजी स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना की विस्तृत जानकारी देकर विद्यार्थियों को योजना के लाभों से अवगत कराया गया।
इसके साथ ही स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान चलाकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान विद्यालय परिसर में साफ-सफाई की गई तथा उपस्थित शिक्षकों और विद्यार्थियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को वित्तीय मामलों के प्रति जागरूक करने के साथ स्वच्छता के महत्व को समझाना था।
इस अवसर पर सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की सगमा शाखा के प्रबंधक रवि कुमार, सीएफएल प्रखंड समन्वयक जनार्दन प्रसाद यादव, प्रशिक्षिका ऐसून खातून तथा शिक्षक विकास कुमार यादव, राजेश कुमार यादव, असरेश कुमार यादव और देवमूरत यादव सहित विद्यालय के शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित थे।

