विशुनपुरा प्रखंड मुख्यालय में स्थायी बस-टेंपो स्टैंड नहीं होने से मुख्य सड़क ही यात्री वाहनों का पड़ाव बन गई है। चालक सड़क किनारे वाहन खड़े कर यात्रियों को बैठाते और उतारते हैं। इससे बाजार क्षेत्र में अक्सर जाम की स्थिति बनती है और राहगीरों के साथ दोपहिया व बड़े वाहनों को आवागमन में परेशानी होती है।व्यस्त समय में सड़क पर वाहनों का दबाव बढ़ने से दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। दूसरे गांवों से आने वाले यात्रियों को भी सड़क किनारे खड़े होकर वाहनों का इंतजार करना पड़ता है।
2008 में प्रखंड का दर्जा मिलने के बाद भी नहीं बनी व्यवस्था
विशुनपुरा को वर्ष 2008 में प्रखंड का दर्जा मिला। करीब 18 वर्षों में कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि बदले, लेकिन बस-टेंपो स्टैंड की समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका। स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्धारित स्टैंड बनने से बाजार में यातायात व्यवस्था सुधरेगी और यात्रियों को भी सुरक्षित स्थान मिलेगा। ग्रामीण प्रशांत गुप्ता,मुकुंद लाल विद्रोही,उदय चौरसिया, मानिक गुप्ता, रंजन गुप्ता, अनिल व अयोध्या गुप्ता ने प्रशासन से जल्द पहल की मांग की है। प्रमुख दीपा कुमारी ने कहा कि अंचलाधिकारी से बात कर सड़क किनारे सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कर स्थायी स्टैंड के लिए पहल की जाएगी। वही अंचलाधिकारी खगेश कुमार ने कहा कि मामले को वरीय पदाधिकारी को अवगत कराकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

