मेराल(गढ़वा):किस्मती कॉलेज ऑफ फार्मेसी में शुक्रवार को विश्व फार्मासिस्ट दिवस उत्साह एवं गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में कॉलेज के प्राचार्य डॉ. विकास कुमार मिश्रा, निदेशक लव कुमार, शिक्षकगण, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य सेवा व्यवस्था में फार्मासिस्टों की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। प्राचार्य डॉ. विकास कुमार मिश्रा ने कहा कि दवाओं के सुरक्षित एवं उचित उपयोग को सुनिश्चित करने, मरीजों को दवाओं के संबंध में आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने तथा बेहतर स्वास्थ्य व्यवस्था के निर्माण में फार्मासिस्टों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि फार्मासिस्ट स्वास्थ्य सेवा प्रणाली की एक महत्वपूर्ण कड़ी हैं और उन्हें अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी संवेदनशीलता एवं कर्तव्यनिष्ठा के साथ करना चाहिए। इस वर्ष विश्व फार्मासिस्ट दिवस की थीम “स्वस्थ भविष्य के लिए फार्मासिस्टों को सशक्त बनाना” रखी गई है। कार्यक्रम में इस थीम के महत्व पर भी चर्चा की गई तथा फार्मेसी के क्षेत्र में बदलती आवश्यकताओं के अनुरूप विद्यार्थियों को तैयार करने पर जोर दिया गया। कॉलेज के निदेशक लव कुमार ने कहा कि फार्मेसी के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के साथ-साथ उन्हें जिम्मेदार, संवेदनशील एवं सेवा भाव से जुड़ा स्वास्थ्य पेशेवर बनाना आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने ज्ञान और कौशल का उपयोग समाज एवं मरीजों के हित में करने का आह्वान किया।इस अवसर पर कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने भी फार्मासिस्ट दिवस के महत्व तथा स्वास्थ्य सेवा में फार्मासिस्टों की भूमिका पर अपने-अपने विचार रखे। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में उत्साह देखा गया।

