कांडी(गढ़वा): जिले के कांडी प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत काचर गांव के समीप गुरुवार को जपला से कांडी की ओर आ रहा मिक्चर(नमकीन) लदा टेंपो अर्धनिर्मित नहर पुल के समीप चरबाटिया के पास अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में राहत की बात यह रही कि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। टेंपो चालक भी बाल-बाल बच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उक्त स्थान पर नहर पुल का निर्माण कार्य काफी धीमी गति से चल रहा है। निर्माणाधीन पुल एवं सड़क की स्थिति के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के मौसम में समस्या और गंभीर हो जाती है तथा सड़क पर कीचड़ एवं जलजमाव के कारण दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि उक्त स्थान पर पहले भी कई बार दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। इसके बावजूद निर्माण कार्य में अपेक्षित तेजी नहीं दिखाई दे रही है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से निर्माणाधीन पुल एवं सड़क की स्थिति को जल्द दुरुस्त कराने तथा निर्माण कार्य में तेजी लाने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका को टाला जा सके।

