कार और खड़े ट्रक की जोरदार टक्कर में दो युवक और दो युवतियों ने गंवाई जान, गैस कटर से काटकर निकाले गए शव
जमशेदपुर में गुरुवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में गोड्डा जिले के महगामा की विधायक और झारखंड की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह समेत चार लोगों की मौत हो गई। हादसे में जान गंवाने वालों में दो युवक और दो युवतियां शामिल हैं। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।जानकारी के अनुसार, सोनारी थाना क्षेत्र के दोमुहानी मरीन ड्राइव पर एक सफेद रंग की स्विफ्ट कार सड़क किनारे पहले से खड़े ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसके परखच्चे उड़ गए। हादसे में कार सवार चारों लोगों की
मौके पर ही मौत होने की सूचना है।मृतकों की पहचान सार्थक अग्रवाल, नमन गुप्ता, वंशिका खंडेलवाल और तृषा सिंह के रूप में की गई है। दुर्घटना के बाद कार में फंसे शवों को बाहर निकालने के लिए गैस कटर का सहारा लेना पड़ा। कड़ी मशक्कत के बाद सभी मृतकों के शव बरामद किए गए और उन्हें एमजीएम अस्पताल भेज दिया गया।बताया जा रहा है कि तृषा सिंह एक्सएलआरआई की छात्रा थीं। हादसे की सूचना मिलते ही ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह रांची से जमशेदपुर के लिए रवाना हो गईं। घटना के बाद मृतकों के परिजनों में मातम पसरा हुआ है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

