श्री बंशीधर नगर:नगर उंटारी थाना में शुक्रवार को थाना प्रभारी अविनाश राज ने स्वर्ण व्यवसायियों के साथ अपराध नियंत्रण तथा दुकानों की सुरक्षा को सुदृढ़ करने के उद्देश्य को लेकर बैठक कर कई आवश्यक दिशानिर्देश दिया।थाना प्रभारी अविनाश राज ने बैठक में व्यवसायियों को अपनी दुकानों में मजबूत शटर, आंतरिक लॉकिंग, पर्याप्त लाइटिंग, सायरन अथवा साइलेंट अलार्म और कम से कम 30 से 45 दिनों के बैकअप वाले एचडी सीसीटीवी कैमरे लगाने के स्पष्ट निर्देश दिए । उन्होंने कहा कि बिना पुलिस सत्यापन के किसी भी कर्मचारी को काम पर न रखा जाए। व्यापारिक लेन-देन में पारदर्शिता बरतते हुए भारी खरीद-बिक्री पर ग्राहकों के वैध पहचान पत्र सुरक्षित रखने, अनिवार्य रूप से बिल जारी करने तथा किसी भी संदिग्ध या बिना कागजात वाले आभूषण की खरीद-फरोख्त से पूरी तरह बचने की बात कही।उन्होंने सभी स्वर्ण व्यवसायियों से दुकान के आसपास किसी भी संदिग्ध गतिविधि या रेकी की गोपनीय सूचना तुरंत पुलिस को देने को कहा। उन्होंने आपसी तालमेल को बेहतर बनाने के लिए पुलिस-व्यापारी व्हाट्सएप ग्रुप के गठन तथा पुलिस द्वारा पैदल, वाहन व रात्रि गश्त बढ़ाने की बात कही गई। थाना प्रभारी ने सभी व्यवसायियों को जीएसटी व अन्य आवश्यक लाइसेंस अद्यतन रखने और इन सभी सुरक्षा दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया ।

